आईपीएच और पीडब्ल्यूडी प्रोजेक्टों में तेजी लाएं : कालिया

शिमला। वार्षिक योजना से पहले विधायक प्राथमिकता बैठकों के दूसरे दिन ऊना जिला के विधायकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ हुई बैठक में अपनी योजनाएं रखी। संबंधित जिलों के कैबिनेट मंत्री, सीपीएस और प्रशासनिक अधिकारी भी इसमें उपस्थित थे। जिले से महज एक ही विधायक ने बुधवार को वार्षिक योजना की बैठक में अपने क्षेत्र की मांगें रखीं।
भाजपा अध्यक्ष और ऊना से विधायक सतपाल सत्ती निजी कारणों से बैठक में हिस्सा नहीं ले सके। गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने 922 करोड़ रुपये स्वां नदी तटीकरण परियोजना उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इससे उनके विधानसभा क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने जंगली जानवरों की समस्या सुलझाने और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य तथा लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में खाली पड़े पदों को भरने का आग्रह किया। कुटलैहड़ से भाजपा विधायक वीरेंद्र कंवर भी बैठक में शामिल नहीं हुए। मुकेश अग्निहोत्री कैबिनेट मंत्री हैं और कुलदीप कुमार राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष, इसलिए दोनों ही विधायक के तौर पर मांग नहीं रख सकते थे।

Related posts