आईजीएमसी और टांडा का कैडर हो संयुक्त

शिमला। आईजीएमसी के कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रबंधन के साथ जेसीसी की अहम बैठक हुई। कर्मचारी संघ के नेताओं एसएस जोगटा, हरिंद्र मेहता, आरपी पारछा, अशोक टंडन, देवेंद्र गरहैक और वनिता थापा ने कर्मचारियों से जुड़ी कई समस्याओं को उठाया। बैठक में अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रिंसिपल डा. एसएस कौशल, एमएस डा. रमेश, डिप्टी एमएस राहुल राव आदि उपस्थित रहे। कर्मचारी संघ के महासचिव हरिंद्र मेहता ने कहा कि एसोसिएशन के समक्ष कर्मचारियों की ओर से दी गई मांगों को बैठक में उठाया गया। छोटी मांगों का निपटारा तत्काल किया गया। कुछेक को सरकार के समक्ष भेजने के लिए सहमति हुई है।
बैठक में उठे मुख्य मुद्दे :
– आईजीएमसी में समाप्त किए गए विभिन्न श्रेणियों के 162 पदों को फिर से सृजित किया जाए।
– आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कालेज का कैडर संयुक्त हो।
– आईजीएमसी में रिक्त पड़े तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के पद भरे जाएं।
– तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए पार्किंग और आवास की व्यवस्था हो।
– आईजीएमसी के कर्मचारियों के लिए अलग से ओपीडी की व्यवस्था की जाए।
– मेडिकल रिंबर्समेंट एक माह के भीतर मिले।
– टूटू, चक्कर, भट्टाकुफर, विकासनगर और कुफटाधार से एचआरटीसी बस सुविधा मिले।
– रोगी कल्याण समिति के तहत सभी कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
– नाइट ड्यूटी पर मौजूद रहने वाले पैरामेडिकल स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया हो।
– बॉयोमैट्रिक मशीनो को तुरंत हटाया जाए।

Related posts