
शिमला। टुटीकंडी आईएसबीटी से शहर के विभिन्न उपनगरों के लिए बस सेवा न मिलने के कारण यात्रियाें को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आईएसबीटी से उपनगरों के लिए यात्रियों को नियमित अंतराल में बसें नहीं मिल रही हैं, जिसके चलते यात्रियों को टैक्सी वालों के हाथों लुटना पड़ रहा है।
टुटीकंडी आईएसबीटी यात्रियों के लिए सुविधा के स्थान पर समस्या का कारण बन गया है। शहर के उपनगरों के लिए नियमित कनेक्टिविटी के अभाव में यात्री परेशान हैं। बाहरी क्षेत्रों से आईएसबीटी पहुंचने वाले यात्रियों को उपनगरों के लिए बसें नहीं मिल पा रही हैं। आईएसबीटी पहुंचने पर यात्रियों को शहर के उपनगरों के लिए घंटाें बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। इंतजार के बाद भी बस मिलेगी यह तय नहीं है। एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से आईएसबीटी और ओल्ड बस स्टैंड के बीच तो नियमित बस सेवा मुहैया करवाई गई है लेकिन यदि यात्रियों को शहर के उपनगरों बालूगंज, चक्कर, समरहिल, ढली, संजौली, मैहली, विकासनगर या खलीनी जाना हो तो घंटाें बस का इंतजार करना पड़ता है। उपनगरों के लिए यात्रियों को लांग रूट बसों में सफर नहीं करने दिया जाता और लोकल बसें उपलब्ध नहीं हैं। भारी भरकम सामान के साथ आईएसबीटी पहुंचने वाले लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को समस्या के कारण सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
फ्रिक्वेंसी बढ़ाने का मामला विचाराधीन
एचआरटीसी लोकल यूनिट के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि आईएसबीटी से उपनगरों के लिए बस सेवा चलाई जा रही है, लेकिन बसों की कमी के कारण फ्रिक्वेंसी कम है। बसों की किल्लत का मामला उच्चाधिकारियों के विचाराधीन है।
