आईएएस के घर चोरी

द्वाराहाट। चोरों ने उत्तर प्रदेश में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चंचल कुमार तिवारी के दैरी गांव में स्थित पुश्तैनी घर में धावा बोल दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने घर के अंदर रखी कई अलमारियां और संदूक खंगालकर सामान बिखरा दिया। चोर एक संदूक में रखी करीब 21 हजार की नकदी ले उड़े। 26 जुलाई से इस घर में कोई नहीं रह रहा था। द्वाराहाट के थानाध्यक्ष एजाज आलम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
बनारस में कमिश्नर के रूप में तैनात आईएएस चंचल कुमार तिवारी का पुश्तैनी घर है। इस घर में वर्तमान में श्री तिवारी की (दीदी) बुआ की लड़की जूनियर हाईस्कूल पान में तैनात शिक्षिका गीता जोशी रहती हैं। बताया जाता है कि गीता जोशी का स्वास्थ्य खराब है। वह इलाज के लिए 26 जुलाई से अल्मोड़ा गई हैं। सोमवार को पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे। उन्होंने इसकी सूचना गीता जोशी को दी। यहां पहुंच कर गीता जोशी ने चोरी की रिपोर्ट द्वाराहाट पुलिस को दी।
प्राथमिकी में कहा गया है कि चोरों ने घर की अंदर रखी कई लोहे की अलमारियों और संदूकों के ताले तोड़ कर सामान बिखरा दिया है। चोर घर के अंदर मंदिर में रखे संदूक से करीब 21 हजार रुपये चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष एजाज आलम ने आज दैरी गांव पहुंच कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Related posts