
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में ‘गरीब’ के चयन पर लोगों को ऐतराज है। कई पंचायतों के लोगों ने आईआरडीपी परिवारों के चयन में ‘गड़बड़ी’ की आशंका जाहिर की गई है। इस संदर्भ में सदर विधानसभा क्षेत्र से ही एक हजार से अधिक शिकायतें पहुंची है। हैरत यह है कि शिकायतें किसी विभागीय या फिर प्रशासनिक अधिकारी के पास न देकर लोगों ने सीधे विधायक को दी हैं। विधायक ने भी इस पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए नए सिरे से असेस्मेंट करवाने की बात कही है, वहीं शिकायतों को एसडीएम को मार्क किया जाएगा। सदर हलके के विधायक बंबर ठाकुर ने स्वयं इसकी पुष्टि की है। ग्रामसभा की बैठक में आईआरडीपी के परिवारों का चयन तो कर लिया गया है, लेकिन कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है। आरोप है कि कई स्थानोें पर नियमों का ताक पर रखकर ऐसे लोगों को आईआरडीपी में शामिल किया गया है, जो सर्वसंपन्न है। मोटर-कार वाले भी आईआरडीपी की श्रेणी में रखे गए हैं। हाल ही में पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों और पटवारियों की बैठक में शिकायतों पर विधायक ने कार्रवाई के आदेश भी दे दिए हैं। विधायक बंबर ठाकुर ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि जो शिकायतें उनके पास पहुंची है, उन्हें मार्क कर एसडीएम के पास भेजा जाएगा। इसके बाद संबंधित पंचायतों में नए सिरे से असेस्मेंट होगी। आईआरडीपी में शामिल लोगों का मौके पर जाकर निरीक्षण होगा। इसके बाद वह स्वयं तहसीलदार, पटवारी और प्रशासनिक अधिकारी के साथ मौके पर जाकर असेस्मेंट करेंगे। असेस्मेंट में नियमों को पूरा करने वाले ही आईआरडीपी में शामिल किए जाएंगे।
गड़बड़ी मिली तो फंसेंगे कर्मी
विधायक बंबर ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि चयन में गड़बड़ी पाई गई तो मौके पर ही जिम्मेवार कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया जाएगा। पहले पंचायत के कर्मी असेस्मेंट करेंगे। उसके बाद वह स्वयं टीम सहित जाएंगे। इसमें गड़बड़ी मिली तो कर्मी को बक्शा नहीं जाएगा।
