
मंडी। अभिभावक-अध्यापक संघ वल्लभ कॉलेज मंडी में आईआईटी को दिए गए कॉलेज भवन और रूसा प्रणाली के चलते कक्षाएं लगाने में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर 26 अक्तूबर को बैठक आयोजित करेगा। पीटीए अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष कुलदीप गुलेरिया, सह सचिव लक्ष्मण सिंह, सदस्य भूपेंद्र सिंह, परमानंद आजाद, नवीन गुलेरिया, सलाहकार हेम सिंह वर्मा ने कहा कि वर्तमान में कॉलेज में कक्षाएं लगाने के लिए पर्याप्त कमरे नहीं हैं। जिस कारण बहुत सी कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। जबकि, रूसा प्रणाली के तहत विषयों की अधिकता के चलते क्लास रूम कम पड़ गए हैं। वर्तमान में 10 और कमरों की जरूरत हैं। कॉलेज में हाउस टेस्ट, अनुपूरक परीक्षाएं, एमए की परीक्षाएं कुछ समय के अंतराल के बाद आयोजित होती रहती हैं, परंतु इनके लिए अलग से परीक्षा हाल न होने से कक्षाएं लगाने वाले कमरों में ही परीक्षाएं करवानी पड़ती है। इससे विद्यार्थियों की कक्षाएं नहीं लग पाती हैं। परीक्षाओं के लिए जो बड़ा हाल बनाया गया था, वह आईआईटी को दे दिया गया है। कक्षाएं लगाने के लिए जो बांस के हट्स बनाए गए हैं, वे तकनीकी तौर पर कक्षाएं लगाने के लिए उपयुक्त नहीं हैं। जिनमें गर्मियों के मौसम में पढ़ाई करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने के लिए वे सरकार और विभाग के सामने मामला उठाएंगे। इसके लिए पीटीए, पूर्व छात्र संघ, केंद्रीय संघ मिलकर 26 अक्तूबर को रणनीति तैयार करेंगे। कॉलेज पीटीए ने प्रदेश सरकार और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से यहां स्थापित होने वाले रिजनल सेंटर के लिए कॉलेज के अतिरिक्त कोई और सरकारी भवन आवंटित करने की भी मांग की है।
