आईआईटी कमांद में मजदूरों ने फहराया सीटू का झंडा

मंडी। कमांद क्षेत्र के शालगी गांव में मंगलवार को आईआईटी निर्माण के द्वितीय चरण का कार्य सुप्रीम इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी ने शुरू कर दिया है। इस दौरान शालगी, कमांद, कटौला, नवलाय, कटिंडी, शिवाबदार तथा अन्य पंचायतों को 450 किसानों और मजदूरों ने हिमाचल किसान सभा तथा सीटू यूनियन के बैनर तले कार्य स्थल पर सीटू का झंडा फहराया। लोनिवि के कार्यालय के बाहर मजदूर किसानों को संबोधित करते हुए सीटू जिला उपाध्यक्ष रविकांत ने कहा कि द्रंग विस क्षेत्र के अंदर कमांद क्षेत्र में आईआईटी का द्वितीय चरण का जो निर्माण कार्य शुरू हो रहा है, उसमें 80 प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को दिया जाए। स्थानीय लोगों की रोजगार की मांग को लेकर किसान सभा पांच पंचायतों के अंदर हर वार्ड स्तर पर किसान सभा की कमेटी का गठन किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और सुप्रीम कंपनी प्रबंधन से मांग की गई कि आईआईटी निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाए अन्यथा मजदूर किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। जनसभा को किसान सभा की क्षेत्रीय कमेटी कमांद के सचिव महेंद्र सिंह, सीटू के प्रधान लाल सिंह, उपप्रधान राधा देवी ने भी संबोधित किया। जनसभा के बाद सीटू के जिला उपाध्यक्ष रविकांत, किसान सभा क्षेत्रीय कमेटी के सचिव महेंद्र सिंह, सीटू यूनियन आईआईटी कमेटी के प्रधान लाल सिंह, सचिव भीम सिंह, उपप्रधान राधा देवी, अंतर ठाकुर, रीता देवी, हेमलता, राजू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कंपनी के साइट इंचार्ज मुकेश शर्मा से मिला। उन्हें रोजगार से संबंधित मांग पत्र सौंपा। एक प्रतिलिपि अधिशाषी अभियंता केंद्रीय लोनिवि तथा जिलाधीश मंडी को भी प्रेषित की गई। जिला उपाध्यक्ष रविकांत ने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देती है तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Related posts