आंदोलन में कूदे कांग्रेस के पदाधिकारी

बागेश्वर। रीमा में खड़िया खदान के पानी में दो बच्चों के डूबकर मरने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में कार्रवाई करने की मांग को लेकर पूर्व से ही यहां तहसील मुख्यालय पर आमरण अनशन चल रहा है। अब कांग्रेस संगठन से जुड़े लोग भी इस आंदोलन में खुलकर शामिल हो गए हैं। रविवार को कई लोगों ने धरना दिया।
खड़िया के गड्ढे में भरे पानी में डूब जाने के कारण मोहन राम के दो पुत्रों की मौत हो गई। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और कांग्रेस के अन्य फंटियल संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने तहसील पर आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलनकारी पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने, खान स्वामी के खिलाफ कार्रवाई करने और इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। इस मांग पर आमरण अनशन कर रहे जगदीश धौनी और बालकृष्ण के स्वास्थ्य में गिरावट आने पर प्रशासन ने यहां से उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनके स्थान पर एनएसयूआई के भाष्कर टम्टा और ललित मेहता बैठ गए हैं। आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नवीन रावल, जिला महामंत्री किसन कठायत, ललित जोशी, हरीश रावल, जगदीश उपाध्याय आदि ने भी आंदोलन को समर्थन व्यक्त किया। इस मौके पर कवि जोशी सहित कई लोग उपस्थित थे।

Related posts