
धर्मपुर (मंडी)। सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन का सम्मेलन 28 जुलाई को धर्मपुर में आयोजित किया जाएगा। जिसमें यूनियन की राज्य अध्यक्ष इंदिरा ठाकुर और सीटू के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह विशेष तौर पर भाग लेंगे। इससे पूर्व सभी सर्कलों की कमेटियों का गठन किया गया। जमसाई सर्कल की प्रधान कमला देवी और सचिव अंजना देवी, सज्योपिपलू की अनुपमा सकलानी को प्रधान और मधु बाला को सचिव, टिहरा की रूपा देवी और शिवानी, चोलथरा की रीता देवी और भावना, कोठुआं की चंपा देवी व सरोजना, संधोल की मंगलेश और सुनीता, मंडप की अनीता और संगीता, बरोटी की अर्चना शर्मा व विमला, धर्मपुर की नीलम और रजनी, मढ़ी की कांता और अनिता, लौंगणी की नीना और सुनीता को प्रधान व सचिव चुना गया। धर्मपुर की प्रधान चंपा ठाकुर ने बताया कि 28 जुलाई के सम्मेलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाआें को पंजाब के बराबर वेतन देने, वर्ष 1975 से चल रही परियोजना को विभाग में बदलने तथा कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी घोषित करने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सरकारी कर्मचारी घोषित न होने तक उन्हें 15000 और 10000 रुपये मासिक वेतन दिया जाए। सुपरवाइजरों की भर्ती में 90 प्रतिशत स्थान कार्यकर्ताओं में से भरे जाएं। उन्होंने चेताया है कि अगर सरकार इन मांगों को जल्द पूरा नहीं करती है तो 8 सितंबर को मंडी में होने वाले जिला सम्मेलन में संघर्ष का निर्णय लिया जाएगा।
