आंगनबाड़ी कर्मियों ने मांगा न्यूनतम वेतन

रोहडू। सीटू से संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन रोहडू ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करएसडीएम रोहडू के माध्यम से प्रधानमंत्री को मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी भेजा। यूनियन की प्रधान शीला कायथ ने बताया कि सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। बाल विकास परियोजना में 25 से 30 वर्ष काम करने पर भी आंगनबाड़ी वर्कर्स तथा हेल्पर्स को सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन सुविधा नहीं है। जबकि, सरकार कई काम आंगनबाड़ी कर्मियों से करवा रही है। उन्होंने बताया कि यूनियन की मांग है कि बाल विकास परियोजना का निजीकरण न किया जाए। आंगनबाड़ी कर्मियों को न्यूनतम वेतन दिया जाए। इसके अतिरिक्त पंजाब की तर्ज पर हर सुविधा प्रदान करने, आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन विभाग की ओर से स्वयं उपलब्ध करवाने, आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय पूर्व की तरह विभाग से नकद जारी करने, आंगनबाड़ी वर्कर्स से सुपरवाइजरों की भरती शीघ्र करने, आंगनबाड़ी कर्मियों की सेवानिवृत्त आयु सीमा 65 वर्ष करने, ईंधन बिलों का भुगतान एक रुपये प्रति लाभार्थी करने के साथ ही बिलाें का भुगतान प्रति माह करने की मांग उठाई। इस अवसर पर यूनियन की महासचिव निर्मला चौहान, इंदिरा शर्मा, उर्मिला वर्मा, इंदिरा पपटा, शीला नेगी, कमलेश कामटा, वनिता, ठाकुर देवी, मंजुलता, सीटू की क्षेत्रीय कमेटी महासचिव अजय दुल्टा, दिवान सिंह सहित कई आंगनबाड़ी कर्मी उपस्थित थे।

Related posts