
नई दिल्ली। सोमवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के घर के पास से एक व्यक्ति पिस्टल के साथ दबोचा गया। उसके पास से भारी मात्रा में कारतूस भी मिले हैं। नई दिल्ली जिले के डीसीपी एसबीएस त्यागी ने बताया कि जोगिंदर सिंह (45) दिमागी रूप से कमजोर है और उससे मिली पिस्टल लाइसेंसी है। हालांकि उसकी अवधि खत्म हो चुकी है। जोगिंदर ने लाइसेंस को रिन्यू कराने के लिए आवेदन किया हुआ है।
मदर टेरेसा क्रेसेंट रोड के पास स्थित कोठी नंबर 23 में अहमद पटेल रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे कोठी से करीब 200 मीटर की दूरी पर पिकेट ने इंडिका कार को रोका। जांच में कार सवार के पास से पांच कारतूस लोडेड एक पिस्टल मिली। गाड़ी से 21 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। चाणक्यपुरी थाने में जोगिंदर सिंह से आईबी व दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रुप से पूछताछ की। जोगिंदर के खिलाफ मेंटल हेल्थ एक्ट के तहत मामला दर्जकर पटियाला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसको इबहास अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया है।
सोनीपत का रहने वाला है जोगिंदर
जोगिंदर सोनीपत का रहने वाला है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। इस बात की जांच की जा रही है कि जोगिंदर इतने कारतूस लेकर कहां जा रहा था और उसका उद्देश्य क्या था। वहीं, जोगिंदर को सोनीपत के मजिस्ट्रेट कार्यालय की तरफ से लाइसेंस जारी है।
