असुरक्षित भवन में ड्यूटी दे रहे कर्मचारी

बिलासपुर। शिक्षा खंड सदर के अंतर्गत शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन हादसे का कारण बन सकता है। जर्जर होने के बावजूद भी इस भवन में खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत करीब 10 कर्मचारी यहां ड्यूटी निभा रहे हैं। इस ओर कोई भी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इस भवन को अनसेफ घोषित किया गया है। यहां पर कार्यरत कर्मचारियों को इस भवन में ही कार्य करना पड़ रहा है। जो जानलेवा भी साबित हो सकता है। विभागीय उच्च अधिकारी, जिला प्रशासन भी इस भवन की हालत से भली भांति अवगत है, लेकिन मूकदर्शक बने हुए हैं। डीसी बिलासपुर द्वारा पत्र संख्या ईडीएन-बीएलएस (जनरल) अनसेफ-04/2011-11558-61, 26 मार्च 2013 के तहत इस भवन को अनसेफ घोषित किया गया है। करीब छह माह का समय बीत जाने के बाद भी डीसी के आदेशों का पालन नहीं हुआ। इसके चलते यहां पर कार्यरत कर्मचारी ड्यूटी दे रहे हैं। इस कार्यालय को अन्य दूसरी जगह पर स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है।
शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने कहा कि कार्यालय अधिकारी ने कार्यालय स्थानांतरित करने के लिए कुछ लोकेशन बताएं। उसके बाद स्थानांतरित प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस बारे में लिखित रूप से अवगत करवाया गया है।
प्राइमरी शिक्षक संघ के प्रधान बसंत राम ठाकुर ने कहा कि इस बारे में कई बार जिला प्रशासन व उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आग्रह किया है कि जल्द ही इस कार्यालय को यहां से स्थानांतरित किया जाए।

Related posts