
कपकोट। स्पर्श गंगा बोर्ड के तत्वावधान में यहां विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर गोष्ठी और जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी डीएस मीणा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि असंतुलित पर्यावरण के चलते आज पृथ्वी को खतरा हो गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधों का रोपण करने की अपील की।
जवाहर लाल नेहरू इंटर कालेज शामा में डीएफओ डीएस मीणा ने कहा कि कम वर्षा और अधिक गर्मी से जंगल सूखते जा रहे हैं। जंगलों को बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा ने कहा कि वनों के बगैर प्राणी की कल्पना करना बेईमानी होगी। प्रधानाचार्य मनोज पांडे ने सभी के सहयोग के प्रति आभार जताया। गोष्ठी के बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने जागरूकता रैली निकाली। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण बचाने की अपील की। इस मौके पर शैलेष मटियानी पुरस्कार प्राप्त शिक्षक भीम सिंह कोरंगा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र परिहार तथा नरेंद्र कोरंगा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चंलन सिंह कोरंगा, नरेंद्र सिंह, नंदुली कोरंगा, नरेंद्र कुमार मौर्य, मनोज पाठक, प्रदीप कांडपाल, दीपक गोस्वामी आदि मौजूद थे।
