
नयनादेवी (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को अष्टमी पर मंदिर में 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने नयनादेवी के दरबार में माता टेककर सुख समृद्धि की कामना की। हजारों ने कन्या पूजन कर पुण्य कमाया। उधर, मेला शांतपूर्वक चला हुआ है। सुरक्षा के मंदिर क्षेत्र में प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ नयनादेवी में सोमवार को श्रावण अष्टमी की धूम रही। बारिश की हल्की फुहारों के बीच श्रद्धालुओं ने अष्टमी पूजन किया। 60 हजार से अधिक श्रद्धालु अष्टमी पर यहां पहुंचे। कन्या पूजन एवं यज्ञ करने के लिए भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दिन भर मंदिर मंत्रोच्चारण से गुंजायमान रहा। एक नवरात्र ज्यादा होने के कारण अष्टमी पूजन सोमवार को ही किया गया। पुजारी उमेश शर्मा, सुरेश शर्मा ने कहा कि श्रावण की अष्टमी का विशेष महत्व है। अष्टमी का दिन मां को सर्वप्रिय है। जो भी श्रद्धालु अष्टमी के दिन व्रत करता हैं या पूजन करता हैं, मां उसकी सभी मनोकमनाएं पूर्ण करती हैं।
रविवार रात से ही भारी श्रद्धालु नयनादेवी पहुंचना शुरू हो गए थे। मंदिर तक पहुंचने के लिए तीन से चार घंटे का समय लग रहा है। लाइनों में श्रद्धालुओं को बारी-बारी देवी के दर्शन करवाए जा रहे हैं। मंदिर अधिकारी मदन लाल शर्मा ने बताया कि मेला शांतिपूर्वक चला है।
