अश्वनी में गाद, छोटा शिमला रहा प्यासा

शिमला। मंगलवार को हुई बारिश के चलते अश्वनी पेयजल योजना में दोबारा गाद आ गई है। बुधवार शाम को छोटा शिमला जोन के तहत शाम की सप्लाई नहीं हो सकी। गिरि पेयजल योजना में भी गाद आने से बुधवार को पानी की पंपिंग प्रभावित हुई है। वीरवार सुबह की सप्लाई सुचारु होगी, इसका दावा नगर निगम नहीं कर पा रहा है। अधिकारियों को कहना है कि बारिश पर सब कुछ निर्भर कर रहा है। अगर बुधवार रात तेज बारिश हुई, तो पेयजल योजनाओं में गाद आने की संभावना बढ़ जाएगी जिसके चलते सुबह की सप्लाई प्रभावित भी हो सकती है।
बुधवार शाम को लिफ्ट एरिया, हाईकोर्ट, मरीना, क्लीफ्टन एस्टेट, बैम्लोई, कनलोग, शिवपुरी, हिमलैंड, टिंबर हाउस और साथ लगते क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। इसके अलावा विकासनगर, देवनगर, विजयनगर, कसुम्पटी के कुछ क्षेत्रों में भी सप्लाई प्रभावित हुई है। तर्क दिया गया कि अश्वनी पेयजल योजना में गाद आने के चलते कम सप्लाई मिली है, जिस कारण कुछ क्षेत्रों में कट लगाया गया। आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह ने कहा कि गाद आने से पंपिंग प्रभावित होती है। वीरवार की सप्लाई बारिश पर निर्भर करेगी। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया कि सप्लाई कम मिलने के चलते छोटा शिमला के तहत कुछ क्षेत्रों में शाम की सप्लाई ठप रखी गई।

Related posts