अव्यवस्था देख अशांत हुए सुशांत

धर्मशाला। डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा अस्पताल में अव्यवस्था देखकर तलख हो उठे। सांसद ने अव्यवस्था के आलम को देख जिला व कालेज प्रशासन से जल्द बैठक करने की बात की है। सुशांत ने कहा कि अव्यवस्था के इस आलम को सुधारे जाने की सख्त जरूरत है। यहां तक की आईसीयू का एसी भी खराब पड़ा है। एसी खराब होने से यहां इमरजेंसी में आए मरीज घबराहट के मारे बैचेन हो रहे हैं।
शनिवार शाम सांसद स्वयं अपनी माता को इलाज के लिए टीएमसी लाए। लेकिन वहां का आलम देख सांसद ने प्रशासन की खूब खिंचाई कर डाली। वहीं प्रशासन ने आनन-फानन में किराये के पंखे लाकर आईसीयू में लगा दिए। इससे यहां आने वाले मरीजों व तीमारदारों को कुछ हद तक राहत मिली। सुशांत की माता यहां शनिवार शाम से उपचाराधीन हैं। सुशांत की खिंचाई के तत्काल प्रशासन ने अस्पताल में पंखें तो लगवा दिए। लेकिन अव्यवस्था देखकर सुशांत के तेवर कड़े हो गए हैं। सुशांत ने कहा कि यह मामला स्वास्थ्य मंत्रालय से उठाया जाएगा। साथ ही एक-दो दिनोें के भीतर कालेज व अस्पताल प्रशासन से बैठक की जाएगी। मीडिया के समक्ष सांसद राजन सुशांत ने कहा कि यह तो हद ही हो गई। आईसीयू में लाया गया मरीज वैसे ही घबराहट में होता है और इतनी गर्मी में एसी काम न करे तो कसूरवार किसको ठहराया जाए? सांसद ने कहा कि मेडिकल कालेज भी उनके सांसद क्षेत्र में आता है। यदि ऐसी सुविधाओं के लिए धन की कमी है तो वे उसे दूर करेंगे।

सांसद ने की माता की सेवा
शनिवार दोपहर बाद सांसद राजन सुशांत अपनी माता शकुंतला देवी को इलाज के लिए अस्पताल लाए। सांसद की माता को उपचार के लिए चौथी मंजिल के आईसीयू में दाखिल करवाया गया। रात भर सांसद की माता आईसीयू में ही दाखिल रहीं। उन्हें रविवार को प्राइवेट वार्ड के कमरा नंबर 306 में शिफ्ट किया गया। रविवार को अस्पताल पहुंचकर सांसद ने अपनी माता की सेवा की।

Related posts