अवैध होर्डिंग हटाने गई निगम टीम बैरंग लौटी

हरिद्वार। अवैध होर्डिंग हटाने के अभियान को पहले ही दिन झटका लग गया। निगम ने अभियान को जोर-शोर से चलाया था, लेकिन व्यापारियों के विरोध के कारण अभियान परवान नहीं चढ़ पाया। हंगामा बढ़ता देख मुख्य नगर अधिकारी ने टीम को वापस बुला लिया।
नगर निगम ने शहर के अवैध होर्डिंग के खिलाफ शुक्रवार से अभियान शुरू कर दिया। निगम की इस मुहिम को पहले ही दिन झटका लग गया। निगम की टीम जैसे से होर्डिंग हटाने को देवपुरा तिराहे पहुंची। इसकी जानकारी मिलने पर होर्डिंग व्यवसायी गौरव, भूपेंद्र, आशीष और सौरभ समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने निगम प्र्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर कर्मचारियों को होर्डिंग हटाने से रोक दिया। जब निगम टीम ने अवैध होर्डिंग हटाने के लिए सख्ती बरती तो एक व्यवसायी के लोडर के आगे लेट गया। टीम ने इसकी सूचना मुख्य नगर अधिकारी को दी। बवाल को देखते हुए उन्होंने टीम को वापस बुला लिया। निगम प्रशासन अब अवैध होर्डिंग हटाने का विरोध करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने पर विचार कर रहा है। मेयर ने बृहस्पतिवार को कर विभाग के अधिकारियों की बैठक बुला उनसे होर्डिंग से आय की जानकारी मांगी थी। कर अधीक्षक ने होर्डिंगों से कोई आय नहीं होेने की बात कही। इस पर मेयर ने शहर में लगे अवैध होर्डिंग को हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद से यह अभियान शुरू करवाया गया।

Related posts