अवैध वार्निश और तारपीन के साथ तीन चढ़े हत्थे

टनकपुर। पर्वतीय क्षेत्रों से वन उपज की तस्करी का धंधा खूब चल रहा है। सोमवार को चंपावत वन प्रभाग के बूम रेंज की टीम ने चार लाख से अधिक का अवैध तारपीन तेल और वार्निश बरामद कर इस गोरख धंधे का भंड़ाफोड़ किया है। बरामद वन उपज अल्मोड़ा से चंपावत के रास्ते बरेली ले जाई जा रही थी।
बूम रेंज की टीम वन क्षेत्राधिकारी बीके महरा के नेतृत्व में टनकपुर-चंपावत राजमार्ग के चल्थी बैरियर पर चेकिंग कर रही थी कि इस दौरान गत्ते के कबाड़ से लदा कैंटर (यूके 04 सीए/5685) वहां पहुंचा। कैंटर में गत्ता कम लदा होने से वन विभाग की टीम को शक हुआ। वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर गत्ता हटाकर कैंटर की तलाशी ली गई तो तारपीन तेल के 20 बैरल और वार्निंश का एक बैरल देख वन कर्मी सकते में आ गए। कैंटर चालक, उसके सवार दो अन्य लोगों के पास बरामद वन उपज के कागजात नहीं होने पर वन विभाग की टीम ने वाहन समेत तीनों को हिरासत में ले लिया। वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक बरामद वन उपज की कीमत करीब चार लाख है। आरोपियों से हुई पूछताछ का हवाला देते हुए वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बरामद वन उपज को अल्मोड़ा से बरेली ले जाया जा रहा था।

Related posts