
बाजपुर। पुलिस उपाधीक्षक आरसी जोशी ने खनन वाहनों से अवैध वसूली में अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच पड़ताल की।
उल्लेखनीय हो कि तत्कालीन डीआईजी नैनीताल संजय गुन्याल ने कोसी नदी खनन क्षेत्र में औचक छापेमारी कर खनन वाहनों से वसूली करने के मामले में सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज उमेश मलिक को निलंबित कर दिया था साथ ही चौकी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया था। डीआईजी के निर्देश पर कोतवाल डीआर आर्य ने अज्ञात लोगाें के खिलाफ वाहनों से अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी जांच सीओ रुद्रपुर रमेश चंद जोशी को सौंपी गई थी। तत्कालीन डीआईजी गुन्याल ने कोसी नदी में अवैध खनन मामले को गंभीरता से लिया था। उनके सख्त निर्देश पर पुलिस प्रशासन की औचक छापेमारी से अवैध खनन पर अंकुश लगा था। रविवार को देर शाम सीओ जोशी मामले की जांच करने सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने इस मामले में कई पुलिस कर्मियों और कोसी नदी खनन क्षेत्र जाकर अन्य लोगों से बयान भी दर्ज किए। सीओ ने बताया कि मामले में निष्पक्ष रूप से जांच पड़ताल की जा रही है।
