अवैध ढंग से मवेशी ले जाते 2 गिरफ्तार

सराहां (सिरमौर)। अवैध ढंग से वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरे तीन बैलों को सराहां पुलिस ने बीती देर रात नाकाबंदी के दौरान पकड़ा। छोटा हाथी वाहन में इन मवेशियों को ठूंस कर शिमला से नाहन की ओर जा रहा था। पुलिस ने देर रात आईपीएच कार्यालय के पास जब उक्त वाहन रोका तो उसमें 3 बैल भरे पाए गए। जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी। जबकि 2 की हालत बेहद दयनीय बनी हुई थी।
पुलिस ने वाहन चालक दलीप कुमार निवासी गांव बग्गी, तहसील सरकाघाट जिला मंडी एवं एक अन्य से जब कागजात बारे पूछा तो कोई भी उचित दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके। लिहाजा पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत धारा 429 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सराहां प्रवीण मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।

Related posts