
हरिद्वार। भिक्कमपुर चौकी इंचार्ज और तीन सिपाहियों पर क्षेत्र में अवैध खनन की गाज गिरी है। एसएसपी ने खनन रोकने में नाकाम चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
आपदा की आड़ में गंगा और अन्य बरसाती नदियों में अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की व्यस्तता का फायदा खनन माफिया उठा रहे हैं। शुक्रवार को धारीवाला के ग्रामीणोें ने बाण गंगा में अवैध खनन करते वाहनाें को पकड़ लिया था। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने बाण गंगा से उपखनिज से लदा एक डंफर और सात ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी।
देर शाम को एसएसपी राजीव स्वरूप ने मामले में प्रथम दृष्टता चौकी क्षेत्र में अवैध खनन होने लापरवाही पाते हुए भिक्कमपुर चौकी इंचार्ज राकेश भट्ट को लाइन हाजिर और सिपाही संतोष, बलवीर और कमल मौर्य को सस्पेंड का दिया। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अवैध खनन कार्य में माफिया कनेक्शन की जांच भी कर रही है। एसएसपी का कहना है कि अवैध खनन रोकने के लिए किसी भी स्तर से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
