
नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल की खड्डों में सक्रिय पंजाब के अवैध खनन माफिया के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को नूरपुर उपमंडल के उपरली खन्नी गांव वार्ड-एक के दो दर्जन लोगों ने एसडीएम नूरपुर को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। जिसमें पुलिस प्रशासन से उनकी जमीन को पंजाब के क्रशर माफिया से बचाने की गुहार लगाई गई है। उपरली खन्नी गांव के चंद लाल, हरबंस लाल, कलो देवी, माया देवी, कृष्णा देवी, रत्नी देवी, खेम राज, कृष्णा देवी, राज कुमार, मनोज कुमार, सरदारी लाल, संतोष कुमार, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, रछपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, सूरत सिंह, अजय कुमार, कुलदीप सिंह, वीरू दीन, रमेश सिंह, राकेश कुमार, मघर सिंह का आरोप है कि उनकी जमीन पंजाब राज्य की सीमा से लगती है। इसी का फायदा उठा कर पंजाब का खनन माफिया रात के अंधेरे में उनकी जमीन में अवैध खनन कर रहा है। ग्रामीणों की मानें तो कुछ माह पूर्व जब गांव के लोग इकट्ठे होकर रात के समय खनन कर रही जेसीबी को रोकने गए थे तो पंजाब के लोगों द्वारा उनसे मारपीट की गई। इसकी बाकायदा ग्रामीणों ने 10 फरवरी 2014 को नूरपुर पुलिस थाने में शिकायत की थी। ग्रामीणों ने बताया कि थाना प्रभारी के उक्त क्षेत्र का दौरा करने के बाद भी क्रशर माफिया के हौसले बुलंद हैं। इतना ही नहीं पंजाब का खनन माफिया रात के दो बजे से लेकर सुबह के 10 बजे तक उनकी जमीन पर खनन करता है। जब लोग उन्हें रोकने जाते हैं तो जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं।
क्या कहते हैं एसएचओ
नूरपुर के एसएचओ मेघनाथ चौहान ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस टीम ने मौके का दौरा किया था और बाकायदा जमीन की निशानदेही भी करवाई गई है। खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए खनन अधिकारी समेत पुलिस के जवान उक्त क्षेत्र में पैनी नजर रखे हुए हैं।
क्या कहते है एसडीएम
एसडीएम अश्वनी सूद ने कहा कि वीरवार को पुलिस टीम के साथ पटवारी को मौके पर स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन खनन रोकने के लिए सख्ती से कार्रवाई करेगा।
