
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के अंतर्गत सोमवार रात नूरपुर पुलिस की टीम ने जब्बर खड्ड में अवैध खनन करते हुए दो टिप्परों को अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित समय पर जब्बर खड्ड में कई वाहन रात को अवैध खनन कर रहे थे। स्थानीय लोगों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले अवैध खनन को अंजाम दे रहे कई वाहन चालक और जेसीबी आपरेटर अपनी मशीनों के साथ मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। थाना प्रभारी बृजमोहन शर्मा ने बताया कि जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां महादेव स्टोन क्रशर और भगवती स्टोन क्रशर के टिप्पर जब्बर खड्ड में प्रतिबंधित समय के दौरान अवैध खनन कर रहे थे। नूरपुर थाने के सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध खन्न में संलिप्त दोनों टिप्परों को खनन अधिनियम के तहत जब्त करके अपने कब्जे में ले लिया।
