
पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी क्षेत्र के कुंजा मतरालियों में वन विभाग टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 5 ट्रैक्टर अवैध खनन करते दबोचे गए। सभी ट्रैक्टरों को वन विभाग कार्यालय लाया गया है। ट्रैक्टर संचालकों से जुर्माना राशि वसूले जाने पर वाहन छोड़े जाएंगे।
वहीं इस संबंध में सोमवार को वन विभाग को गुप्त सूचना मिली। जिसमें कुछ नदी स्थलों पर अवैध खनन की शिकायत की गई। इसके बाद आरओ पांवटा आरके वर्मा के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर बरकत अली, नदीम, सुमन, विजय, यशपाल व धनजीत सिंह शामिल थे। दोपहर को टीम ने मतरालियो के समीप यमुना नदी में दबिश दी। इस दौरान दूर-दूर तक विस्तृत क्षेत्र में अवैध खनन करते ट्रैक्टर नजर आए। टीम के सदस्यों ने साथ लगते जंगल क्षेत्र समेत नदी के समीप 5 ट्रैक्टर दबोच लिए। आरओ पांवटा आरके वर्मा के अनुसार 5 ट्रैक्टर पकड़े गए हैं। इनको वन विभाग कार्यालय पांवटा पहुंचाया गया। अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टरों के संचालकों से जुर्माना वसूला जाएगा।
