अवैध कब्जों पर चला नप का हथौड़ा

मंडी। सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण पर नगर परिषद का हथौड़ा आखिर चल ही गया। शुक्रवार को कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर की अगुवाई में नप कर्मियों ने हथौड़े और जेसीबी से मंडी के जेल रोड में दो अवैध निर्माण गिराए गए। इस कार्रवाई से कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना करते हुए नगर परिषद मंडी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण करने वालों को नोटिस जारी कर छह घंटे के भीतर अवैध निर्माण हटाने की मोहलत दी थी। शुक्रवार सुबह नगर परिषद की टीम पुलिस की मौजूदगी में जेल रोड में अवैध कब्जे हटाने पहुंच गई। जेल रोड निवासी श्याम लाल की दुकान और स्टोर को नप कर्मियों ने हथौड़ा मार कर तोड़ दिया। वहीं नप की जेसीबी ने मौके से मलबा हटाने और भवन गिराने की कार्रवाई को अंजाम दिया। इसके साथ ही जेल रोड निवासी हरी सिंह की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने की वजह से नप की यह मुहिम अब 15 जुलाई सोमवार को फिर शुरू होगी। कार्रवाई के बारे में नगर परिषद को 16 जुलाई 2013 को उच्च न्यायालय को सूचित किया जाना है। इस कार्रवाई में कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर, एसडीओ विनोद कुमार, कनिष्ठ अभियंता प्रवीण शर्मा, ललित कटोच, सुपरवाइजर हंसराज और सुरेश कुमार के अलावा नप के कर्मचारी मौजूद थे। इधर, नप की अध्यक्ष सुशीला सोंखला ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना के चलते यह कार्रवाई की जा रही है।

Related posts