अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान आज

चौपाल (शिमला)। पंचायत समिति अध्यक्ष को लेकर चल रही खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आठ मई को चौपाल में 14 पंचायत समिति सदस्यों वार्ड झीना से सुरेंद्र मोहन मेहता, देवत से दौलतराम नंटा, कुलग से बसंती देवी, पुलबाहल से रोशन लाल, बमटा से सुनीता देवी, खूंद नेवल से सरिता देवी, मालत से जगतराम, कुपवी से नारायण सिंह, धबास से सीमा ठाकुर, धार चांदना से हरि राम, मझोली से बलदेव समटा, पुजारली से सीमा राठौर, पबान से केवलराम चौहान तथा सरांह से सीमा झरटा ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष सुशील चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर अपने हस्ताक्षर कर अविश्वास प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी चौपाल दुष्यंत सरपाल को सौंपा था। अब शुक्रवार को इस अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। उधर, वर्तमान अध्यक्ष सुशील चौहान पूर्ण बहुमत होने का दावा कर रहे हैं। पंचायत समिति में कुल 22 सदस्य हैं। इनमें से 14 सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। ऐसे में भाजपा समर्थित अध्यक्ष को बहुमत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। दोनों पक्षों ने अपने हक में मतदान के लिए कसरतें तेज कर दी हैं।
बीडीओ चौपाल दुष्यंत सरपाल ने कहा कि शुक्रवार, 17 मई को बैठक बुलाई गई है। इसमें अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रस्ताव गिर गया तो अगले दो वर्ष तक दोबारा इस तरह का प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता है। उधर, अध्यक्ष पद के दावेदार कांग्रेस ब्लाक उपाध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र मोहन मेहता ने दावा किया कि अविश्वास प्रस्ताव शुक्रवार को पास हो जाएगा।

Related posts