
अल्मोड़ा। आपदा प्रभावित स्थलों से रेस्क्यू कर बचाए गए लोगों को गंतव्य तक भेजने के लिए प्रशासन द्वारा अल्मोड़ा से अब तक 90 वाहनों को गढ़वाल मंडल के भेजा गया है। इनमें 28 बसें और 62 टैक्सियां शामिल हैं। इस कारण अल्मोड़ा से संचालित होने वाली बस और टैक्सी सेवाओं पर असर पड़ने लगा है। वाहनों की कमी के चलते रविवार को अल्मोड़ा से विभिन्न स्थानों को जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतें हुई।
जिला प्रशासन ने आपदा प्रभावित स्थलों से लोगों को लाने और राहत कार्यों के लिए अब तक रोडवेज की 10, केएमओयू की 18 बसों और 62 टैक्सी वाहनों को अधिगृहीत कर गढ़वाल मंडल भेजा है। वाहनों के आपदा राहत कार्यों में अधिग्रहण के चलते रविवार को अधिकांश चालकों ने वाहन गैराज से नहीं निकाले। बसों और टैक्सियों की कमी के चलते अल्मोड़ा से बाहरी क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुईं। काफी इंतजारी के बाद लोग किसी तरह गंतव्य को रवाना हुए।
उप संभागीय परिवहन अधिकारी अनीता चंद ने बताया कि अब तक 90 वाहनों को गढ़वाल मंडल भेजा गया है। जरूरत पड़ने पर और वाहनों का भी उपयोग किया जाएगा।
