अल्मोड़ा, रानीखेत में होगा योगा आयुर्वेदिक महोत्सव

अल्मोड़ा। पर्यटन विभाग के सौजन्य से अल्मोड़ा और रानीखेत में पांच अक्तूबर से योगा आयुर्वेदिक महोत्सव होगा। आठ अक्तूबर तक आयोजित इस महोत्सव में युवाओं को योगा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारत सरकार के पूर्व राजदूत चंद्रमोहन भंडारी ने पत्रकारों से वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों को आयुर्वेद की विधाओं का प्रशिक्षण नि:शुल्क दिया जाएगा। अभी तक योग और आध्यात्मिक गतिविधियां चार धाम, गढ़वाल, ऋषिकेश तक ही सीमित रहती थीं। कुमाऊं क्षेत्र को इसका लाभ नहीं मिल पाता था। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने महोत्सव के लिए मग्रास ग्राम विकास संस्था को चुना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को यहां पर उपलब्ध कच्चा पदार्थ बांस, रिंगाल आदि से संबंधित कुटीर, लघु उद्योगों का प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान युवाओं को दो-दो घंटे का योगा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पहले वह इस मुद्दे पर जिलाधिकारी से भी मिले। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष एचएन भंडारी, ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के संचालक कमल पांडे, प्रशांत जोशी भी मौजूद थे।

Related posts