
अल्मोड़ा। परिवहन निगम अल्मोड़ा डिपो के बस बेड़े में आठ नई बसें शामिल हो गई हैं। एक बस को संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 15-20 नई बसें अल्मोड़ा डिपो में शामिल की जाएंगी।
श्री तिवारी ने कहा कि आंतरिक और लंबे रूटों को देखते हुए अल्मोड़ा डिपो के पास बसों की संख्या काफी कम है। प्रथम चरण में अल्मोड़ा को आठ बसें उपलब्ध करा दी गई हैं। इनमेें दो बसें 51 सीटर और छह बसें 48 सीटर शामिल हैं। 15-20 नई बसें शीघ्र ही उपलब्ध कराई जाएंगी। अल्मोड़ा में अंतर्राज्यीय बस अड्डे की स्वीकृति का काम अंतिम चरण में है। जल्द ही काम शुरू होगा।
उप महाप्रबंधक विजय तिवारी ने बताया कि अब तक अल्मोड़ा डिपो के पास 38 बसें थी। इनमें से पांच बसों ने निर्धारित दूरी तय कर ली है। इनकी शीघ्र नीलामी होगी। आठ नई बसें आ जाने से बेड़े में 41 बसें हो गई हैं। उन्होंने बताया कि नई बसों में से दो-दो बसें अल्मोड़ा-देहरादून, बागेश्वर-देहरादून, अल्मोड़ा-चंडीगढ़ और दो बसें सायं के समय अल्मोड़ा-देहरादून रूट पर संचालित की जा रही हैं। कमल सिंह राणा ने कहा कि सभी रूटों पर बस सेवा संचालित करने के लिए डिपो को कम से कम 20 नई बसों की आवश्यकता है। संचालन रमेश चंद्र जोशी ने किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व प्रमुख पीतांबर पांडे, परवेज सिद्दकी, दीवान सिंह पवार, राजेंद्र सिंह, शेखरानंद पांडे, मदन सिंह बिष्ट, रऊफ अहमद, केडी सनवाल, डीएन जोेशी, गोविंद प्रसाद आदि मौजूद थे।
