
बिलासपुर। शहर के साथ लगते अलीखड्ड पुल से शुक्रवार तड़के एक महिला ने दरिया में छलांग लगा दी। पता चलते ही पुल पर लोगों का जमघट लगना शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व स्थानीय लोगाें ने पुल के नीचे दरिया को खंगालने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन शाम तक महिला का कुछ पता नहीं चल पाया। मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक महिला ने अलीखड्ड पुल से दरिया में छलांग लगा दी। दरिया में कूदने से पहले वह अपनी चप्पलें व दुपट्टा पुल की रेलिंग के पास छोड़ गई। पुल के नजदीक बामटा व बध्यात गांव हैं। पता चलने पर स्थानीय लोग पुल पर एकत्रित हो गए। पुल पर मौजूद चप्पलों व दुपट्टे के आधार पर महिला की पहचान संजीव उर्फ जुगनू की पत्नी विजया कुमारी के रूप में हुई। उसके दो बच्चे (एक बेटी व एक बेटा) हैं। लोगों ने दरिया में उसे ढूंढने के प्रयास शुरू करने के साथ ही पुलिस को भी सूचित किया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश की अगुवाई में पुलिस अलीखड्ड पुल पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला की तलाश में पुल के आसपास के इलाके में पूरे दरिया को खंगाल डाला, लेकिन शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच विजया कुमारी के मायके वाले भी वहां पहुंच गए थे। उन्हाेंने आरोप लगाया कि ससुराल में उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसका पति नशे में उसके साथ मारपीट करता था। संभवतया इससे दुखी होकर ही उसने यह कदम उठाया। बहरहाल, मायके वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के पति को भी गिरफ्तार कर लिया है।
