
ठियोग (शिमला)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते रहीघाट के पास सोमवार सुबह साढ़े दस बजे बजे एक आल्टो कार संख्या एचपी 06-0975 गहरी खाई में लुढ़क गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार शिमला से ठियोग की ओर आ रही थी। रहीघाट के साथ लगते सुफला के गोदाम के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार पांच लोगों में से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय जनता ने अपना पूर्ण सहयोग देते हुए घायलों को सड़क तक पहुंचाया। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया, जहां से सभी को शिमला के आईजीएमसी रेफर कर दिया गया। गंभीर घायलों में से एक बच्ची ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। डीएसपी ठियोग सागर चंद्र शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारण जानने में जुट गई है। उधर, इस हादसे के दौरान घायलों की मदद करने वाले लोगों ने बताया कि यहां हादसे का कारण एकमात्र सड़क का तंग होना है। गांव के हीरा सिंह वर्मा ने बताया कि 1992 से यहां सड़क किनारे से गिरा डंगा आज तक सही ढंग से न लगा होने के कारण हादसा हुआ है। गत वर्ष भी यहां देर रात एक गाड़ी के गिरने से एक युवक ने अपनी जान गंवाई थी।
उधर, रामपुर बुशहर। झाकड़ी बस स्टैंड के पास एक टिप्पर और निजी बस की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला जख्मी हो गई है। घायल को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सराहन से रामपुर आ रही प्राइवेट बस झाकड़ी बस अड्डे के पास एक टिप्पर के साथ टकरा गई। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोग जख्मी हो गए। दोनों को खनेरी अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को शिमला रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू (38) सराहन के रूप में हुई है। जबकि, महिला सुनीता निवासी पंद्रह बीस का खनेरी अस्पताल में ही उपचार चल रहा है।
एसडीपीओ सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा टिप्पर चालक की लापरवाही से हुआ। इस पर टिप्पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
उधर, अढ़ाल मार्ग पर रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने सड़क पर काम करने वाले मजदूर को कुचल डाला। घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर की रविवार रात सिविल अस्पताल रोहडू में मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अढ़ाल मार्ग पर मजदूर सड़क की मैटलिंग का कार्य कर रहे हैं। शाम को करीब पांच बजे बोलेरो कैंपर नंबर एचपी 10-4661 रोहडू से बशला की ओर जा रही थी। इसी बीच रास्ते में मजदूरों ने बोलेरो कैंपर को आता देखा तथा आगे जाने के लिए लिफ्ट मांगी, तभी तेज रफ्तार बोलेरोे कैंपर चालक उत्तरप्रदेश निवासी ओंकार (19) को जोरदार टक्कर मार कर भाग गया। इससे ओंकार बुरी तरह घायल हो गया। मजदूरों ने घायल अवस्था में ओंकार को सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया तथा घटना की जानकारी पुलिस में दी। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में रविवार रात मौत हो गई है। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि गाड़ी के चालक राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद मजदूर युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
उधर, राष्ट्रीय राज मार्ग-22 पर बिथल के केपू के पास सड़क हादसे में दो लोग सतलुज नदी में बह गए। हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब पिकअप गाड़ी कुमारसैन से रामपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान गाड़ी केपू के पास सतलुज नदी में जा गिरी। इस हादसे के समय गाड़ी में दो लोग सवार थे, जो लापता हैं। हालांकि, पुलिस का दल लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या एचपी-63-5698 रामपुर की ओर आ रही थी। इस गाड़ी में रामपुर के लिए मुर्गों की सप्लाई आ रही थी। इसमें चालक अरुण निवासी उत्तरांचल सहित एक और व्यक्ति सवार था। गाड़ी में सवार दोनों लोग सतलुज नहीं में बह गए। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा लेकिन उक्त दोनों लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, पुलिस दल लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि हादसे के दौरान गाड़ी में दो लोग सवार बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
