अर्ली वैरायटी सेब के चोखे दाम

पांगणा (मंडी)। करसोग क्षेत्र से सेब की पहली खेप दिल्ली आजादपुर मंडी में पहुंच गई है। एशिया की सबसे बड़ी फल मंडी आजादपुर में हिमाचल का सबसे पहले तैयार होने वाला सेब दो दिन से बिकना शुरू हो गया है। एप्पल वैली में सबसे पहले तैयार होने वाली सेब की टाइडमैन किस्म का दिल्ली मंडी में प्रति पेटी 800 से 1400 रुपए दाम मिल रहा है। अच्छे दाम मिलने से बागवान भी उत्साहित हैं।
इस बार सेब की फसल के लिए मौसम अनुकूल रहने से जिला मंडी में सेब की अच्छी पैदावार होने की संभावना है। करसोग क्षेत्र में सेब सीजन शुरू हो गया है। बागवानों का मानना है कि इस बार एप्पल वैली में तैयार सेब के अच्छे दाम मिलेंगे। दस दिन बाद रॉयल की उत्तम किस्म रेड चीफ के इस बार दाम अच्छे मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। क्षेत्र के बागवान पहले तैयार होने वाली किस्म टाइडमैन, रेड गोल्ड आदि का तुड़ान कर दिल्ली मंडी भेजने में जुट गए हैं।
दिल्ली फल मंडी के कमीशन एजेंट एलएफसी के पीडी दास, वीजे फ्रूट कंपनी के सत प्रकाश का मानना है 15 दिन बाद सेब की उत्तम किस्म स्पर रेड चीफ के दाम 2000 से 2500 और रॉयल सुप्रीम के प्रति पेटी के दाम करीब 1800 से 2300 हो सकते हैं। क्षेत्र के बागवान राम लाल, देवी राम, कली राम, दामोदर दास, आरके शर्मा, केके भारद्वाज, केडी चौहान, आलमदास, हाकम चंद, बेली राम का कहना है कि इस बार एप्पल वैली में सेब की अच्छी फसल के बाद अच्छे दाम मिल सकते हैं।

Related posts