
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की जान को खतरा है। केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर खुफिया ब्यूरो ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया है। खुफिया एजेंसी आईबी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केजरीवाल की जान को माफिया से खतरा है। खतरे को देखते हुए केजरीवाल के गाजियाबाद आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्हें हिदायत दी गई है कि केजरीवाल के घर से निकलने और उनके बाहर जाने की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाए।
वहीं, टीवी रिपोट्र्स के मुताबिक आईबी ने इस बारे में दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर और दिल्ली पुलिस को चि_ी भी लिखी। बता दें कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही केजरीवाल लगातार किसी भी तरह की सुरक्षा लेने से इनकार करते रहे हैं। लेकिन अब यूपी सरकार केजरीवाल को जेड श्रेणी सुरक्षा उपलब्ध कराने का फैसला कर चुकी है। बीते दिनों केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने स्वीकार किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘सुरक्षा आवरण’ मिला हुआ है, हालांकि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है।
शिंदे ने मीडिया से कहा, ‘यह किसी भी प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार का कर्तव्य है कि वह इस तरह के वीवीआईपी को सुरक्षा प्रदान करे। जब वह मुख्यमंत्री निर्वाचित हुए, उन्हें तत्काल सुरक्षा प्रदान किया गया। फिलहाल हम उनकी जानकारी के बिना उन्हें सुरक्षा आवरण दे रहे हैं।’
