
शिमला। सीजन के दौरान सेब को मंडियों तक पहुंचाने के लिए बागवानों को ट्रकों की कमी नहीं खलेगी। जिला प्रशासन ने सेब की ढुलाई के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रकों का बंदोबस्त करने का दावा किया है। जिला प्रशासन सेब ढुलाई के लिए बाहरी राज्यों से भी ट्रकों का प्रबंध कर रहा है। सेब ढुलाई के लिए जिला प्रशासन ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी सहित अन्य राज्यों की ट्रक यूनियनों को डिमांड भेजी है। सेब सीजन के रफ्तार पकड़ते ही डिमांड के आधार पर सेब उत्पादक क्षेत्रों में ट्रकों का इंतजाम होगा। शिमला जिला में सेब का अरबों रुपये का कारोबार रहता है तथा हजारों परिवारों की रोजी रोटी भी इसी से चलती है। यहीं नहीं सीजन के दौरान हजारों लोगों के लिए सेब सीजन रोजगार भी लेकर आता है।
—————-
पड़ोसी राज्यों से मंगवाए ट्रक : मल्होत्रा
सेब सीजन के दौरान फसल को मंडियों तक पहुंचाने के लिए बागवानों को ट्रकों की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से सेब ढोने के लिए ट्रकों की व्यवस्था की जा रही है।
दिनेश मल्होत्रा उपायुक्त शिमला
————–
एडीएम लेंगे तैयारियों का जायजा
सेब सीजन के मद्देनजर तैयारियों का जायजा एडीएम लॉ एंड आर्डर डीके रतन लेंगे। सीजन को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए इसके लिए सेब नियंत्रण कक्षों के अलावा लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन की तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा।
————-
15 जुलाई से टैक्स फ्री
15 जुलाई के बाद बाहरी राज्यों से सेब की ढुलाई के लिए आने वाले ट्रकों को टैक्स नहीं देना होगा। उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा के अनुसार गुड्स टैक्स चुकाए बिना ट्रक सेब ढुलाई कर सकेंगे।
————–
यहां खुलेंगे सेब नियंत्रण कक्ष
मुख्य सेब नियंत्रण कक्ष फागू (ठियोग)
उप सेब नियंत्रण कक्ष कुड्डू (रोहड़ू), खड़ापत्थर, नारकंडा, नैना (बलग, ठियोग)
संभावित सेब नियंत्रण कक्ष रामपुर, नेरवा, चिड़गांव
चेक पोस्ट बाघी
