
बिलासपुर। चेतना संस्था के रौड़ा सेक्टर स्थित कार्यालय में मंगलवार को नजारा बदला-बदला सा नजर आया। मौका था चेतना संस्था, कृष्णा उत्कर्ष संस्थान और हिमालयन हेल्थ एक्सचेंज के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन का। इस शिविर में अमेरिका के विशेषज्ञ चिकित्सकाें की टीम ने लगभग 150 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इसके साथ ही अक्षम बच्चों की सेहत भी जांची गई। विदेशी चिकित्सकाें के परामर्श के अनुसार संबंधित मरीजों को मुफ्त दवाइयां व जरूरी उपकरण भी प्रदान किए गए।
चेतना संस्था के कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन को लेकर मंगलवार सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो गई। चेतना संस्था की सचिव डा. मल्लिका नड्डा ने अमेरिका से आए विशेषज्ञ चिकित्सकाें डा. जैनी डैनसमोरे, डा. पाल हार्ट, डा. थामस, डा. ऐश्वर्या व डा. जूलिया के साथ ही उनके सहयोगियों का स्वागत हिमाचली टोपी पहना कर किया। खराब मौसम के बावजूद विदेशी चिकित्सकों के परामर्श का लाभ उठाने के लिए लगभग 150 लोग शिविर में पहुंचे।
अमेरिकी चिकित्सकों व स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे लोगों के बीच संवाद कायम करने के लिए बाकायदा दुभाषियों की व्यवस्था भी की गई थी। उन्हाेंने अंग्रेजी का अधिक ज्ञान न रखने वाले लोगाें की समस्या से डाक्टरों को अवगत कराया। इस मौके पर चेतना संस्था के प्रशासक अमर सिंह काशव तथा ओम प्रकाश गर्ग, प्रमोद शर्मा, कश्मीर सिंह, सुभद्रा नड्डा व स्वदेश ठाकुर के साथ ही अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे। अमर सिंह काशव ने बताया कि बुधवार को इसी तरह का शिविर पीएचसी कुठेड़ा में लगाया जाएगा।
