अमेरिका का कमल तेजम में खिला

डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अगर कुछ अलग करने की ललक और सोच हो तो कम संसाधन वाली जगहों पर भी खुशियों के कमल खिलाएं जा सकते हैं। परिवहन विभाग के एक अफसर ने अपने प्रयास से तेजम में अमेरिका का कमल खिला दिया है। कमल के बीज अफसर ने अमेरिका से मंगाए थे।
परिवहन विभाग से टैक्स अधिकारी के पद से रिटायर्ड भूपेंद्र सिंह रावत ने अपने खेतों में कमल के फूल पैदा करने का प्रयोग दो वर्ष पहले शुरू किया था। उन्होंने अमेरिका से बीज मंगाए। उनकी मेहनत अब रंग लाने लगी है। खेतों में नारंगी रंग के कमल के फूल खिल गए हैं। श्री रावत बताते हैं कि कमल का फूल एक खास तापमान और जलवायु में पैदा होता है। प्रयोग से यह साबित हो गया है कि तेजम की जलवायु कमल के पौधों को उगाने के लिए बेहतरीन है। वह कहते हैं कि पहाड़ से पलायन रोकने के लिए पुष्प खेती को बढ़ावा मिलना चाहिए। उन्होंने अपनी चार एकड़ जमीन में अखरोट, काजू, रुद्राक्ष, आम, आंवला को पैदा करने का प्रयास भी शुरू कर दिया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायकों तथा प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि फूलों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों को इस काम के प्रति प्रेरित करने के लिए सरकारी सहायता दी जाए।

Related posts