अमर उजाला युवान के विधायक मुरीद

जसपुर। अमर उजाला द्वारा युवान क्विज कांटेस्ट कराए जाने के लिए मंडी समिति अध्यक्ष और विधायक ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की। साथ ही स्कूलों के प्रधानाचार्यों से इस तरह की प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से छात्रों को रट्टू तोता व कुएं का मेंढक नहीं बनाए जाने का आग्रह किया।
विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने अमर उजाला से एक मुलाकात में कहा कि वह अपनी विधायक निधि का 80 फीसदी से अधिक रुपया बिना किसी भेदभाव के शिक्षा के क्षेत्र मेें खर्च करते हैं। उनका मानना है कि शिक्षा से भुखमरी, बेरोजगारी, अपराध, नशाखोरी, दहेज जैसी कुरीतियों पर विराम लगेगा और क्षेत्र का विकास होगा। डा. सिंघल ने कहा कि उनके और शिक्षकों के प्रयास के चलते प्रदेश के शिक्षा बोर्ड में जसपुर क्षेत्र के ही छात्र-छात्रा सर्वाधिक आते हैं। वहीं कई विद्यालयों को प्रदेश सरकार द्वारा विद्यालयी शिक्षा अवार्ड भी प्राप्त हो चुका है। उन्होंने अमर उजाला द्वारा आयोजित करायी जा रही युवा क्विज कांटेस्ट की सराहना की। वहीं जसपुर क्षेत्र से इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक बच्चों के भाग नहीं लेने पर हैरानी जतायी। उन्होंने प्रधानाचार्यों से सवाल किया कि आपके विद्यालयों का रिजल्ट सबसे अच्छा होता है किंतु इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद दिशा विहीन हुआ छात्र नौकरी के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में क्यों फेल हो जाता है। उन्होंने आगाह किया कि विषयों की पढ़ाई के साथ इस तरह की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कराए। जिससे छात्रों में आत्मबल व मनोबल का संचार हो। उन्होंने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की। साथ ही आशा जतायी कि क्षेत्र के बच्चे बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।

Related posts