
जम्मू

कोरोना महामारी के बीच अमरनाथ यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। वीरवार को मंडलायुक्त संजीव वर्मा की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में 15 दिन की यात्रा चलने के संकेत मिले हैं। यह जुलाई के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी और इसमें श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रहेगी। यात्रा में भाग लेने वाले सभी श्रद्धालुओं का कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा।
कोरोना के चलते बालटाल ट्रैक के अलावा हवाई मार्ग से यात्रा करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में यात्रा की सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड अस्पताल के रूप में काम कर रहे आधार शिविर भगवती नगर को यात्रियों के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां एक समय में 1500 यात्रियों को ठहराया जा सकता है।
यात्रा के लिए आने वाले सभी यात्रियों के टेस्ट किए जाएंगे। इसमें उनकी रिपोर्ट नेगेटिव होने पर ही उन्हें बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए भेजा जाएगा। जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के चलते अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर भगवती नगर को क्वारंटीन केंद्र बनाया गया था, जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़ने पर इसे कोविड अस्पताल के रूप में बदल दिया गया।
पिछले कुछ समय से जम्मू संभाग में मरीजों की संख्या में सीमित होने के कारण इसका प्रयोग नहीं किया जा रहा है। यहां सामाजिक दूरी का पालन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेड लगाए गए थे। इसके अलावा आधार शिविर में पहले से ही चौबीस घंटे डिस्पेंसरी काम कर रही है। स्वास्थ्य निदेशक डा. रेणू शर्मा ने बताया कि आधार शिविर को यात्रियों के लिए तैयार किया जाएगा। सभी यात्रियों के टेस्ट करवाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके लिए तैयारी की जाएगी।
यात्री निवास पहुंचे अधिकारी, जानी तैयारी
श्री अमरनाथ यात्रा शुरू कराने के दौरान यात्रियों के जम्मू में ठहरने, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल, खानपान, स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने नगर निगम से यात्री निवास व इसके आसपास स्वच्छता व कीटनाशकों का छिड़काव करने को कहा। पर्यटन विभाग को यात्री निवास के आसपास बेहतर सुविधा देने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, परिवहन सुविधा, क्विक रिस्पांस टीमों के गठन, लंगरों को स्थापित करने, संपर्क केंद्र की स्थापना, चिकित्सा सुविधाओं, भगवती नगर में मोबाइल टायलेट वैन का प्रबंध और बिजली- पेयजल आपूर्ति समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने बैठक के बाद भगवती नगर यात्री निवास का दौरा कर यात्रा प्रबंधों का निरीक्षण किया। मौके पर आईजी मुकेश सिंह, आईजी ट्रैफिक टी नामग्याल, पर्यटन निदेशक आरके कटोच, अतिरिक्त सीईओ श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड अनूप सोनी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
