
चंपावत। जिले में हुई प्राकृतिक आपदा और बरसात से हुए नुकसान का आंकलन संबंधित विभागों की ओर से किया जा रहा है। अभी तक जिले में नौ करोड़ 80 लाख से अधिक की सरकारी परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचने का आंकलन किया जा चुका है, जबकि अभी कई विभागों की ओर से क्षति के आंकलन का कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को राहत राशि वितरण के साथ ही अन्य प्रकार के राहत कार्य तीव्रता से किए जा रहे हैं। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह प्रभावितों को राहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान के आंकलन की जानकारी भी तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
डीएम ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से जिले में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आपदा में नौ बड़े पशु, पांच हजार कुक्कट की मौत हो गई थी, जिन्हें वर्तमान तक करीब 12 हजार रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा पांच पक्के मकान और एक झोंपड़ी के पूर्ण क्षतिग्रस्त होने के कारण दो लाख 25 हजार रुपये की राहत वितरित की जा चुकी है। उन्होंने सभी तहसीलों में स्थापित कंट्रोल रूम प्रभारियों को लगातार जिला मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष को सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
