अभिभावकों ने बीईओ को बनाया बंधक

घनसाली (टिहरी)। राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल पोनाड़ा में कार्यरत एकमात्र शिक्षिका के दस दिन से गायब रहने से आक्रोशित अभिभावकों ने खंड शिक्षाधिकारी को स्कूल में बुलाकर बंधक बना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि तीन साल से शिक्षकों की नियुक्ति की मांग करते आ रहे हैं लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्कूल में कार्यरत अध्यापिका भी 14 अगस्त से गायब है। 15 अगस्त को स्कूल में ध्वजारोहण भी नहीं हुआ। गुस्साए अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भिलंगना प्रखंड में गोनगढ़ पट्टी के उच्च प्राथमिक स्कूल पोनाड़ा में कार्यरत शिक्षिका 14 अगस्त से गायब है, जिससे स्कूल में ताला लटका है। कई दिन बीतने पर भी शिक्षिका के स्कूल नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने बीईओ को स्कूल बुलाया। शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई, शिक्षकों की नियुक्ति के बावत सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बीईओ को बंधक बना दिया। प्रधान पूरब सिंह पंवार ने कहा कि तीन साल से शिक्षकों की नियुक्ति की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है। अभिभावकों को बच्चे दूर-दराज के स्कूलों में भेजने पड़ रहे हैं। प्रधान ने बताया कि एक साल पहले स्कूल में छात्रों की संख्या 150 थी, जो घटकर 31 रह गई है। बंधक बनाए गए बीईओ नारायणदत्त थपलियाल ने ग्रामीणों को शिक्षिका इंदू सजवाण को निलंबन करने का आश्वासन भी दिया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। देर शाम समाचार भेजे जाने तक ग्रामीणों ने बीईओ को बंधक बनाए रखा था। इस मौके पर प्रधान सहित उदीना देवी, प्यारदेई, सौणी देवी, राजी देवी, गणेशी देवी, अमर चंद, उत्तम सिंह, ज्ञान चंद, बचन सिंह, दर्शन सिंह, नत्था सिंह, भगवान सिंह, गोविंद सिंह, प्रेम सिंह, भरत सिंह और चौवन सिंह मौजूद थे।

Related posts