
चंबा। डिग्री कॉलेज चंबा के विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव ग्रुप चार के लिए तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी है। विद्यार्थी वन एक्ट प्ले, माइम, मिमिक्री प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। युवा महोत्सव ग्रुप चार का आयोजन जिला शिमला के रोहडू महाविद्यालय में किया जाएगा। कॉलेज के प्रोफे सर डा. मोहिंद्र सलारिया की देखरेख, डायरेक्टर संजय पारखी व गौरव बोस के निर्देशन में वन एक्ट प्ले की बेहतर तरीके से तैयारी की जा रही है। नारी पर हो रहे अत्याचार विषय को लेकर वन एक्ट प्ले तैयार किया गया है। इसमें सुषमा, मीनू, प्रीति, कविता, पल्लवी, अनूप, सम्मी, रमेश कुमार, पंकज कुमार, बिट्टू राम, बानो, सोनम अपना किरदार निभा रहे हैं। गौरव बोस ने बताया कि माइम व मिमिक्री का भी अभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रुप चार की स्पर्धा में चंबा कॉलेज हर बार बेहतर प्रदर्शन करता आ रहा है। माइम व वन एक्ट में कॉलेज को बेहतर स्थान मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस मर्तबा भी वे चंबा कॉलेज का नाम प्रदेश स्तर पर चमकाएंगे। डा. सलारिया ने बताया कि विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभा को निखारने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है।
