अब सूरज की रोशनी से चमकेगा कृषि विवि

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के चार कॉलेज अब दुधिया रोशनी से जगमग होने वाले हैं। इसे लेकर विवि प्रशासन ने हिम ऊर्जा विभाग के पास राशि जमा करवा दी है। इससे बिजली की खपत कम होगी। विवि प्रशासन का पैसा भी बचेगा। इस परियोजना पर पौने दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। जानकारी के मुताबिक कृषि विवि में बिजली का भारी भरकम बिल कम करने के लिए विवि प्रशासन ने सोलर लाइट लगाने की कवायद शुरू कर दी है। सोलर लाइट के जरिये विवि में 200 किलोवाट तक बिजली लगेगी। भारत सरकार की इस योजना के तहत विवि प्रशासन हिम ऊर्जा विभाग को 10 प्रतिशत पैसा जमा करवाएगा। चार महाविद्यालयों में से होम साइंस और बेसिक कॉलेज में 25-25 किलोवाट और वेटरिनरी और एग्रीकल्चर कॉलेज में 75-75 किलोवाट की सोलर लाइट लगाई जाएगी। कृषि विवि में इस समय आ रहे भारी भरकम बिल के चलते कुलपति डा केके कटोच ने सोलर लाइट लगाने के आदेश दिए हैं। उधर, विवि के संयुक्त निदेशक डा. हृदय पाल सिंह ने कहा कि विवि में जल्द ही सोलर लाइट लगाई जा रही है। विवि के चारों कॉलेजों में यह लाइटें लगेंगी।

Related posts