अब सुंदरनगर में 5 लाख के गहने, नगदी साफ

सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस कुंभकर्णी नींद सोई रही और चोर रेस्ट हाउस चौक से लेकर पुराना बस स्टैंड तक हाईवे किनारे सरेआम चोरी करते रहे। न पुलिस गश्त काम आई और न ही शहर में लगे सीसीटीवी। चोर मनाली-चंडीगढ़ राजमार्ग के किनारे स्थित छह दुकानों से करीब पांच लाख के जेवरात और नकदी आराम से चुरा कर चलते बने। एक ही रात में छह दुकानों के ताले टूटने से शहर के लोगों में दहशत का माहौल है। लोग जान और माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। चोरों ने ज्यादातर सुनारों की दुकानों को अपना निशाना बनाया है। वारदात की सूचना मिलने पर डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की।
जानकारी के मुताबिक रेस्ट हाउस चौक के समीप शिवा आभूषण निर्माता की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने वहां से करीब पौने चार लाख के सोने और चांदी के आभूषण चुरा लिए। लुथरा आभूषण निर्माता की दुकान से 70 हजार और एसके ज्वेलर्स की दुकान से 50 हजार के आभूषणों पर हाथ साफ किया। सिनेमा चौक और पुराना बस स्टैंड के बीच चोरों ने ललित कुमार एंड ब्रदर्ज की दुकान से 2500 रुपये, फैशन स्टोर से 500 तथा एक ब्यूटी पार्लर से करीब एक हजार रुपये की नकदी चुरा ली। हैरत की बात है कि रेस्ट हाउस चौक से लेकर पुराना बस स्टैंड तक रात भर चहल-पहल और पुलिस गश्त रहती है। यहां रात को स्ट्रीट लाइट भी जगती रही है। बावजूद इसके छह दुकानों में चोरी होना, सबको अखर रहा है। मंगलवार सुबह दुकानों के ताले टूटे देख प्रभावितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एक साथ छह दुकानों के ताले टूटने की सूचना मिलने पर डीएसपी कुलभूषण वर्मा खुद मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने मौके का निरीक्षण किया। इधर, पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि चोरी की सभी वारदातों में सुंदरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरों का सुराग लगाने की कोशिश चल रही है। शहर में तैनात गश्त पार्टी रात को कहां थी, इस बात की जांच होगी। ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुंदरनगर पुलिस को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts