
चंबा। पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों को लेकर अब महिलाएं भी अपनी राय दे सकेंगी। इसके लिए मनरेगा में काम कर रही महिलाओं के ग्रुप बनाए जाएंगे। हर पंचायत में 100 महिलाओं का ग्रुप बनेगा। पहले डीआरडीए की ओर से इन समूहों को उनके कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये ग्रुप अपनी-अपनी पंचायत के विकास की योजनाओं में अहम भूमिका अदा करेंगे। इन समूहों को सरकार की ओर से चलाई गई अलग-अलग योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इन समूहों को प्रशिक्षण देने के लिए डीआरडीए की ओर से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। डीआरडीए के अनुसार जिला भर में महिलाएं काम तो कर रहीं हैं, मगर मनरेगा के बारे में सही जानकारी नहीं है। अब मनरेगा में काम कर रही महिलाओं से पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की भी योजना बनवाई जाएगी। अभी तक पंचायतों में काम की प्लानिंग ग्रामसभाओं में ही होती है। आने वाले दिनों में पंचायतों में मनरेगा महिला समूह बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डीआरडीए के पीओ राम प्रसाद ने बताया कि मनरेगा महिला ग्रुप बनाकर पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों में महिलाओं की राय ली जाएगी। उन्होंने बताया कि एक ग्रुप में 100 महिलाओं को शामिल किया जाएगा। इन समूहों का गठन कर इन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे।
