
उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़। चिन्यालीसौड़ प्रखंड के खांड गांव के भणेती नामे तोक में बादल फटने से ग्रामीणाें की सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि बह गई। गांव के कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। मूसलाधार बारिश के चलते उफान पर आई भागीरथी से उत्तरकाशी नगर क्षेत्र के तटवर्टी क्षेत्रों में कटाव तेज हो गया है, इससे लोगों में दहशत बनी है।
सोमवार रात भारी बारिश से खांड गांव के भणेती नामे तोक में बादल फटने से सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि बह गई। कटाव से तोलियाना तोक में मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। कवागढ़ी में गुमान सिंह सिंह का मकान गदेरे के उफान पर आने से ढह गया। गमरी के गडियार तोक में गदेरे में आई बाढ़ से कृष्णादत्त विजल्वाण, अजय प्रकाश के घर का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया।
श्रीकोट की प्रधान रोशनी कैंतुरा ने बताया कि भारी बरसात के चलते गांव में कई घरों में पानी घुस गया। संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गए हैं। एसडीएम एसके बरनवाल के निर्देश पर नायब तहसीलदार टीम के साथ नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रभावित गांव रवाना हो गए हैं। मूसलाधार बारिश से भागीरथी नदी के उफान पर आने से उत्तरकाशी नगर क्षेत्र के जडभरत घाट, मणिकर्णिकाघाट क्षेत्र में कटाव तेज हो गया है, इससे मकानों को खतरा बना है। मांडों गांव में भी धंसाव से कई मकान खतरे की जद में हैं।
