
गोहर (मंडी)। सराजघाटी में आदमखोर तेंदुए ने मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घाटी में चार दिन में नरभक्षी तेंदुए का इंसानों पर यह दूसरा जानलेवा हमला है। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगस्याड़ में भर्ती किया गया। चार दिन पहले तेंदुए ने थाचाधार गांव में खेतों में घास काट रही 25 वर्षीय महिला पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला था। मंगलवार सुबह शिकावरी पंचायत के जूही गांव में 70 वर्षीय वृद्ध जेठू राम पर आदमखोर तेंदुए ने हमला कर दिया। सुबह करीब तीन बजे जेठू राम घर के बाहर शौच करने गया। इसी दौरान तेंदुआ उस पर झपट पड़ा। हमले में तेंदुए ने जेठू राम की टांगों को बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। चिल्लाने की आवाज सुन कर परिवार वाले उठे और शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला। बीएमओ बगस्याड़ नरेश चंद ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि जेठू राम की हालत खतरे से बाहर है। लोगों का कहना है कि रात को यह तेंदुआ जंगल में गर्जता है। थुनाग और बगस्याड़ के जंगल में आदमखोर तेंदुए ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। इधर, डीएफओ गोहर बीके बाबू ने बताया कि विभाग ने दो पिंजरे लगा दिए हैं। पिंजरे में तेंदुआ नहीं आता है तो इसे मारने के लिए शिमला से शूटर बुलाए गए हैं। बहरहाल घाटी में आदमखोर तेंदुए से लोगों में दहशत का माहौल है।
