अब फटाफट बनेंगी पर्चियां

सोलन। अब जोनल अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए आने वाले लोगों को पर्चियां बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। लोगों की सुविधा के लिए अब अस्पताल दो की जगह चार काउंटरों पर पर्चियां बनेंगी। इसमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर खोला गया है। वहीं तीन काउंटर सामान्य रहेंगे।
दो काउंटरों को खोलने के लिए करीब 50 हजार रुपये खर्च किए गए। इसमें दो प्रिंटर और दो कंप्यूटर की खरीद की गई है। अस्पताल प्रशासन ने आरकेएस की बैठक में काउंटर खोलने का निर्णय लिया था। एक माह के भीतर ही काउंटर खोल दिए गए हैं।
औसतन 1500 ओपीडी
जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 1500 के करीब ओपीडी है। इसमें 1200 नई और 300 पुरानी ओपीडी दर्ज होती है। अस्पताल में रोजाना पर्ची काउंटर पर लंबी कतारें लगी रहती थी। ऐसे में पर्ची बनवाने में करीब आधा घंटे का समय लग जाता था। दूर दराज के क्षेत्रों से आने वाले रोगियों का समय पर्ची बनाने मेें लग जाता था तथा डाक्टरों के पास लंबी कतारें होने से उन्हें बिना जांच करवाने वापस जाना पड़ता था।
रोगियों को मिलेगी सुविधा : सीएमओ
इस बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. शशिपाल ने कहा कि अस्पताल में दो अतिरिक्त पर्ची काउंटर चालू कर दिए गए हैं। इससे रोगियों को खासी सुविधा मिलेगी।

Related posts