
नई दिल्ली: दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु के चुने हुए पेट्रोल पंपों पर बाजार भाव वाले सिलेंडर की बिक्री शुरू हो जाएगी। ये योजना अगस्त से शुरु होगी। जहां योजना शुरू की जाएगी वहां केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने पंपों की पहचान करने को कहा है।
शहरों में बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर बनाने के काले कारोबार पर नकेल कसने और सभी को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की योजना के तहत अगले चरण में अन्य बड़े शहरों में योजना शुरू की जाएगी। पेट्रोलियम मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसे शहरों की पहचान के दौरान राज्य के मुख्यमंत्रियों और सांसदों से आने वाले अनुरोध को तवज्जो दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने मंगलवार को योजना को स्वीकृति दे दी है।
पहले चरण में दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु के कंपनी के स्वामित्व और कंपनी द्वारा संचालित (कोको) पेट्रोल पंपों पर इसे शुरू करने की इजाजत प्रदान कर दी है। अगले 15 से 30 दिन में कंपनियों को यह सूची मंत्रालय को देनी होगी। एक अधिकारी ने कहा कि अगले चरण में हैदराबाद, भोपाल, अहमदाबाद, सूरत, चंडीगढ़, जयपुर में भी योजना शुरू करने का प्रस्ताव है। हालांकि दूसरे चरण में ऐसे शहरों को प्राथमिकता मिल सकती है जहां के लिए स्थानीय मुख्यमंत्री या सांसद की ओर से निवेदन प्राप्त हो।
