
धर्मशाला। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को धर्मशाला और मैकलोडगंज में वाहन पार्क करने के साथ-साथ पार्किंग कांप्लेक्स में खरीददारी करने की सुविधा भी मिलेगी। पार्किंग कांप्लेक्स में सब्जी मार्केट के साथ अन्य सामान की दुकानें भी खुलेंगी। इससे पर्यटक और लोग वाहन पार्क करने के बाद एक ही जगह पर अपनी जरूरत की चीजें खरीद पाएंगे। इससे पहले पीपीपी के तहत पार्किंग स्थल बनाने का ही फैसला लिया गया था। मगर, अब नगर परिषद पीपीपी के तहत पार्किंग की तीसरी और चौथी मंजिल में मार्केट भी बनाएगी। इससे पीपीपी के तहत पार्किंग कांप्लेक्स का निर्माण करवा रही कंपनी को भी फायदा पहुंचेगा। पहले पार्किंग से अच्छी आय न होने के कारण कंपनी ने काम रुकवा दिया था। नप ने पार्किंग के लिए करोड़ों का प्रस्ताव भी स्वीकृत करवा लिया था। अब नप ने पार्किंग में मार्केट बनाने को मंजूरी दे दी है। इसे लेकर प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है। विदित रहे कि शहर में पार्किंग स्थल न होने के कारण बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकाें को वाहन पार्क करने में दिक्कत पेश आती है। मैकलोडगंज के भागसूनाग में भी सड़क किनारे आड़े-तिरछे ढंग से वाहन खड़े रहते हैं। पार्किंग का निर्माण होने के बाद वाहन चालकों को वाहन पार्क करने में सुविधा मिलेगी। वहीं, नप अध्यक्ष कमला पटियाल ने बताया कि पीपीपी के तहत बनने वाले पार्किंग कांप्लेक्स में पार्किंग भी स्थापित की जाएगी। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इससे पार्किंग का निर्माण करवा रही कंपनी को भी लाभ मिलेगा। वहीं, पर्यटकों और लोगों को वाहन पार्क करने के साथ-साथ खरीददारी की सुविधा भी मिलेगी।
