
धर्मशाला। बिजली का बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताआें को अब लंबी लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विद्युत बोर्ड ऑनलाइन बिलिंग सेवा शुरू करने जा रहा है। इससे उपभोक्ता कहीं से भी अपने बिल ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। नव वर्ष पर विद्युत बोर्ड इस सेवा को शुरू कर रहा है। सुविधा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को बोर्ड की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के बाद वेबसाइट के माध्यम से ही उपभोक्ता अपने खाते से बिल की राशि बोर्ड के एकाउंट में जमा करवा सकेगा। इससे उपभोक्ताओं का समय भी बचेगा। अक्सर बिल अदायगी की अंतिम तिथियों में बिल काउंटर पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भी बिल जमा करने में परेशानी पेश आती है। अंतिम तिथि में बिल जमा न होने पर बिल भुगतान में अतिरिक्त राशि भी जमा करवानी पड़ती है। इधर, एक्सईएन अजय गौतम ने बताया कि ऑनलाइन बिलिंग सेवा शुरू की जा रही है। इससे लोग प्रदेश की किसी भी जगह से इंटरनेट के माध्यम से अपना बिल जमा करवा सकेंगे।
यहां करवाना होगा पंजीकरण
सेवा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को विद्युत बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एचपीएसईबी.कॉम पर पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण होने के बाद बोर्ड के खाते में राशि जमा होगी।
